प्यार की कहानी हमेशा सीधी रेखा जैसी नहीं होती। कभी इसमें फूल होते हैं, तो कभी काँटे। कभी बातें मीठी लगती हैं, तो कभी वही बातें कड़वी हो जाती हैं। अक्सर लोग कहते हैं कि प्यार को निभाने के लिए समझदारी, भरोसा और मीठे शब्द चाहिए। लेकिन असल सच्चाई ये है कि रिश्तों की गहराई झगड़े से ही मापी जाती है। झगड़ा न हो तो रिश्ता अधूरा है। और हाँ, झगड़ा करना भी एक कला है। झगड़े का सही इस्तेमाल रिश्ते को मज़बूत बना देता है और गलत तरीके से किया गया झगड़ा रिश्ता तोड़ भी सकता है। तो आज हम इस कला को थोड़ा गंभीरता से और बहुत सारी हंसी-मज़ाक के साथ सीखेंगे।
झगड़ा करने का पहला और आज़माया हुआ तरीका है बिना वजह सवाल पूछना। ये तरीका इतना आसान है कि हर प्रेमी को एक बार ज़रूर आज़माना चाहिए। लड़की फोन पर ज़रा देर से बोले, बस पूछ डालो: “इतनी देर क्यों लगा दी? किससे बात कर रही थी?” अगर उसने जवाब दिया कि “नहा रही थी”, तो आप कह सकते हैं: “इतनी देर नहाने में क्यों लग गई?” अगर बोली “माँ के पास थी”, तो तुरंत कह दो: “माँ के पास जाने में इतना राज़ क्यों छिपाना पड़ा?” देखिए, मामला कहाँ से कहाँ पहुँच जाएगा। ये बिना वजह सवाल रिश्ते की ज़मीन पर बारूद बिछाने जैसा है, जिसमें चिंगारी आपको खुद लगानी भी नहीं पड़ेगी।
लेकिन सिर्फ सवाल करना ही काफी नहीं है। खाने पर कमेंट करना भी एक बेहतरीन हथियार है। मान लो पत्नी ने प्यार से आपके लिए आलू के पराठे बनाए और आप बड़े आराम से कह दें: “ठीक है, लेकिन मम्मी जैसे स्वाद नहीं आए।” अब चाहे आपकी बीबी ने घंटों मेहनत की हो, उसका गुस्सा मिनटों में फूट पड़ेगा। गर्लफ्रेंड ने मैगी बनाई हो और आप कह दें: “लगता है नमक भूल गई हो”, तो यकीन मानिए उस मैगी का स्वाद आपके झगड़े की तीखी बहस में बदल जाएगा। और मज़े की बात ये है कि आप चुप रहकर भी इस झगड़े का आनंद ले सकते हैं क्योंकि खाने का जिक्र होते ही बहस अपने आप लंबी खिंचती चली जाती है।
अगर कभी लगे कि झगड़े के लिए नया टॉपिक नहीं मिल रहा, तो पुराने किस्से निकाल लेना चाहिए। पुराने झगड़े रिश्तों का खज़ाना होते हैं। “तुम्हें याद है 2019 में दिवाली के दिन क्या हुआ था?” या “तुम्हें वो दिन याद है जब तुम मुझे 45 मिनट लेट करवा दी थी?” ये बातें सुनते ही सामने वाली की आँखों में पुराना गुस्सा लौट आएगा और झगड़े की आग फिर से धधकने लगेगी। दरअसल, पुराने झगड़े रिश्तों में उतने ही काम आते हैं जितना पुराना मसाला, जिसकी खुशबू आज भी ताज़ा हो जाती है।
अब आती है उसकी पसंद पर तंज कसने की बारी। मान लीजिए वो रणवीर सिंह की दीवानी है। अब आप कह दीजिए: “ये लड़का हीरो है या कपड़े की दुकान? कभी लगता है शादी में बाराती से भी ज़्यादा चमकीले कपड़े पहन लेता है।” ये सुनते ही वो रणवीर की तारीफ़ पर उतर आएगी और आप उसकी बुराई पर अड़े रहेंगे। नतीजा—दोनों में बहस होगी और झगड़ा अपने आप तैयार हो जाएगा। यही तरीका किसी भी पसंद पर लागू किया जा सकता है—उसकी पसंदीदा किताब, उसकी मनपसंद वेब सीरीज़, यहाँ तक कि उसकी पसंदीदा चॉकलेट पर भी।
शॉपिंग पर तो झगड़े की इतनी गुंजाइश होती है कि उसपर पूरा ग्रंथ लिखा जा सकता है। वो मॉल से घंटे भर भटककर नई ड्रेस लेकर आएगी और आप कह दीजिए: “ये पिछली वाली जैसी ही लग रही है।” या फिर: “इतना पैसा खर्च कर दिया और कुछ खास नहीं दिख रहा।” अब चाहे ड्रेस पर कितना भी डिस्काउंट क्यों न मिला हो, उसकी नज़रों में आपने झगड़े का सिग्नल ऑन कर दिया है। और अगर आप थोड़े और चुभते शब्द बोलना चाहते हैं तो कहिए: “तुम्हें अभी तक शॉपिंग करना नहीं आया।” अब वो आपको पूरा फैशन शो दिखाकर साबित करेगी कि उसका चुनाव ही बेस्ट है।
डेट पर लेट पहुँचना भी झगड़े का शॉर्टकट है। उसने कहा 6 बजे आना और आप आराम से 6:45 पर पहुँच गए। जब वो गुस्से से बोलेगी तो आप बड़ी मासूमियत से कहिए: “ट्रैफिक बहुत था।” और अगर वो जवाब में बोले कि “तुम्हें पहले निकलना चाहिए था” तो तुरंत पलट दीजिए: “वैसे तुम तो लेट होने की आदी हो, आज मुझे लेट क्यों नहीं होने दिया?” अब देखिए, ये झगड़ा कितनी देर तक चलता है।
तारीफ में कंजूसी करना भी बड़ा असरदार तरीका है। जब वो दो घंटे सजने-संवरने में लगाए और आप कह दें—“ठीक लग रही हो”—तो ये सुनते ही उसके चेहरे की मुस्कान उड़ जाएगी। उसके लिए ये insult है और आपके लिए झगड़े का गेटपास। और अगर आपने थोड़ी और हिम्मत दिखा दी तो कह सकते हैं: “वैसे पिछली बार बेहतर लग रही थी।” अब तो युद्ध छिड़ना तय है।
सोशल मीडिया का युग झगड़े को और आसान बना देता है। उसने फेसबुक पर एक शायरी डाली—बस पूछो: “ये किसके लिए था?” इंस्टाग्राम पर उसकी फोटो पर हार्ट आया तो कहो: “इतना प्यार कौन कर रहा है?” अब वो चाहे जितनी सफाई दे, आपको बस शक जताते रहना है। झगड़ा अपने आप चलता रहेगा।
और हाँ, अगर ये सब भी कम पड़ जाए तो सबसे घातक हथियार है—उसकी सहेलियों का ज़िक्र। आप बस कह दीजिए: “तुम्हारी फ्रेंड पूजा मुझसे ज्यादा स्मार्ट है।” अब पूजा कितनी भी साधारण हो, आपकी प्रेमिका की नज़रों में वो अचानक खलनायिका बन जाएगी। अब देखिए, वो कैसे आपकी बातों को उलझाकर पूरे दिन का माहौल गर्म कर देती है।
टीवी या वेब सीरीज़ भी झगड़े का अच्छा साधन है। उसे रोमांटिक मूवी देखनी हो और आप कहें: “नहीं, मुझे थ्रिलर देखना है।” वो बोले: “ये सीरीज़ बहुत अच्छी है”, तो आप कह दीजिए: “बकवास है।” अब आप दोनों की पसंद एक-दूसरे की दुश्मन बन चुकी है और आप झगड़े का सीधा आनंद उठा सकते हैं।
छुट्टी पर जाने का प्लान बनाना भी अक्सर झगड़े का कारण बनता है। वो कहे: “गोवा चलते हैं” और आप कहें: “नैनीताल अच्छा रहेगा।” अब कोई बीच चाहेगा और कोई पहाड़। बहस बढ़ती जाएगी और छुट्टी का प्लान बनते-बनते अधर में लटक जाएगा। मगर आपके पास झगड़े का नया किस्सा जुड़ जाएगा।
रिश्तेदारों पर हल्का-सा तंज कसना भी बड़े काम का तरीका है। आप कह सकते हैं: “तुम्हारी आंटी बहुत बोलती हैं” या “तुम्हारे भाई को तो कोई काम ही नहीं आता।” अब आपको रिश्तेदारी की पूरी लिस्ट सुनाई जाएगी और आप बीच-बीच में अपनी सफाई देते रहेंगे। झगड़ा चलता रहेगा और रिश्ते का मसाला भी बढ़ता रहेगा।
कभी उसकी आदतों पर ताना कसना भी बेहद असरदार होता है। “तुम्हें हमेशा देर होती है।” या “तुम सुनती ही नहीं हो।” ये बातें छोटी लगती हैं लेकिन असर गहरा होता है। वो समझेगी कि आप उसकी कमियाँ गिना रहे हैं और फिर बहस का माहौल गरम हो जाएगा।
और जब सारे हथियार फेल हो जाएँ तो साइलेंट ट्रीटमेंट सबसे खतरनाक तरीका है। जब वो कुछ पूछे तो आप बस हम्म कहें। या फिर बिल्कुल चुप रहें। ये खामोशी झगड़े को उस स्तर तक पहुँचा देती है जहाँ शब्दों से ज्यादा गुस्सा चेहरे पर दिखने लगता है।
तुलना करना तो रिश्तों में झगड़े का परमाणु बम है। आप बस कह दीजिए: “देखो शर्मा जी की बीवी कितनी समझदार है।” अब आपके घर में महाभारत शुरू हो चुका है। इस एक लाइन से आप घंटे भर का झगड़ा पक्का कर सकते हैं।
ईगो की चिंगारी भी बड़ी खतरनाक होती है। जब बहस हो रही हो तो हमेशा आखिरी लाइन आप ही बोलें। “मेरी बात मानो वरना…” भले ही “वरना” का कोई मतलब न हो, लेकिन झगड़ा लंबा खिंच जाएगा। और जब तक आपकी प्रेमिका ये साबित न कर दे कि उसकी बात सही है, झगड़ा चलता रहेगा।
छोटी-छोटी गलतियों को बड़ा बनाना भी एक कला है। अगर उसने पानी गिरा दिया तो कह दीजिए: “तुमसे कुछ संभलता ही नहीं।” ये एक लाइन छोटी गलती को पहाड़ बना देगी। अब वो साबित करने में जुट जाएगी कि वो सब कुछ संभाल सकती है और आप उसकी बात काटते रहेंगे।
“ना” कहना भी झगड़े का सीधा रास्ता है। वो कहे: “चलो बाहर चलते हैं।” आप कहें: “ना।” बस, अब प्रोग्राम तो रद्द हुआ ही, झगड़ा भी पक्का हो गया।
और अंत में, सबसे बड़ा हथियार—माफी न माँगना। गलती आपकी हो या न हो, माफी मांगना ही नहीं। बस कहिए: “मुझे क्यों सॉरी बोलना चाहिए?” ये एक लाइन झगड़े को अगले लेवल तक पहुँचा देती है।
अब सवाल ये है कि इतने सारे झगड़े करने के बाद रिश्ता कैसा रहेगा? तो जवाब है—बिल्कुल मज़ेदार। झगड़े अगर थोड़ी समझदारी से किए जाएँ, तो रिश्तों को और मजबूत बना देते हैं। ये रिश्तों में वो नमक हैं जो स्वाद को परफेक्ट करते हैं। याद रखिए, प्यार अगर रसगुल्ले जैसा मीठा है तो झगड़े वो समोसे की मिर्च हैं जो जीभ पर चुभती भी हैं और स्वाद भी देती हैं।
तो अगली बार जब भी लगे कि रिश्ता बहुत शांत हो गया है, तो ऊपर दिए गए तरीकों से थोड़ी-सी नोकझोंक छेड़ दीजिए। इससे न केवल आपका रिश्ता जीवंत रहेगा बल्कि आपके पास सुनाने के लिए हज़ारों किस्से भी होंगे।