Showing posts with label love. Show all posts
Showing posts with label love. Show all posts

Monday, 23 February 2026

वो जो घाट बन गए

महेंद्रू घाट की सीढ़ियों पर काई की तरह एक अजीब सी खामोशी चिपकी हुई थी। दिसंबर की उस सर्द रात में गंगा का पानी इतना शांत था कि लगता था जैसे उसे भी ठंड लग गई हो। दूर महात्मा गांधी सेतु पर रेंगते ट्रकों की पीली हेडलाइट्स कोहरे को चीरने की नाकाम कोशिश कर रही थीं।

लड़के ने अपने मफलर को थोड़ा और लपेटा और चाय के कुल्हड़ को दोनों हथेलियों के बीच दबा लिया। शायद चाय से ज्यादा गर्माहट उसे कुल्हड़ की सोंधी मिट्टी से मिल रही थी। लड़की सबसे निचली सीढ़ी पर बैठी, पानी की हल्की लहरों को घूर रही थी। काफी देर की रहस्यमयी चुप्पी के बाद उसने एक छोटा सा पत्थर पानी में उछाला। 'छपाक' की आवाज़ से सन्नाटा थोड़ा दरका।

"इतनी गहरी शांति में भी तुम शोर ढूँढ ही लेती हो," लड़के ने कुल्हड़ से एक घूंट लेते हुए बिना उसकी तरफ देखे कहा।

लड़की ने उसकी ओर एक तीखी और शिकायती नज़र डाली। "और तुम? तुम हर बात को इतने भारीपन से क्यों लेते हो? ये जो तुम्हारे भीतर एक बेवजह का 'ठहराव' है न... मुझे कभी-कभी इससे बहुत घुटन होने लगती है।"

लड़के ने मुस्कुराकर खाली कुल्हड़ बगल में रख दिया। "घुटन ठहराव से नहीं होती। घुटन भागते रहने की उस आदत से होती है, जो हमें कभी रुकने नहीं देती। हम सब एक ऐसी ट्रेन में बैठे हैं, जिसे बस किसी तरह अगले स्टेशन पर पहुँचने की जल्दी है। खिड़की से बाहर का सुकून भरा परिदृश्य कोई देखना ही नहीं चाहता।"

"तो क्या हमेशा इसी घाट पर बैठे रहें? ज़िंदगी में कुछ 'हासिल' नहीं करना?" लड़की की आवाज़ में एक अजीब सी बेचैनी थी।

"हासिल?" लड़का थोड़ा हँसा, एक थकी हुई सी हँसी। "प्रेम में या ज़िंदगी में... जो पूरी तरह 'हासिल' हो गया, वो उसी पल बस एक 'समझौता' बनकर रह जाता है। और जहाँ समझौता आ गया, वहाँ प्रेम अपनी आज़ादी खो देता है।"

लड़की कुछ देर चुप रही। उसकी आँखों में सेतु की वो दूर वाली पीली रोशनी तैर रही थी।

"तुम्हारी यही बातें मुझे डराती हैं," उसने एक गहरी साँस छोड़ते हुए कहा। "मैं एक आम सी लड़की हूँ। मुझे बस छोटी-छोटी खुशियाँ चाहिए, एक सधा हुआ कल चाहिए... और तुम मुझे हमेशा अनंत और शून्यता की बातें बताते हो। मुझे लगता है जैसे मैं महज़ इक्कीस पन्नों की कोई बहुत साधारण सी किताब हूँ, और तुम कोई ऐसा महाकाव्य जिसे समझना मेरे बस का नहीं।"

लड़के ने धीरे से खिसक कर उसका हाथ अपने हाथ में ले लिया। उसकी उंगलियाँ बर्फ की तरह ठंडी थीं।

"कोई भी किताब पन्नों की गिनती से बड़ी नहीं होती," लड़के ने उसकी आँखों में देखते हुए कहा, "वो उस शिद्दत से बड़ी होती है, जिससे उसे पढ़ा जाता है। अगर कोई उन इक्कीस पन्नों को ही उम्र भर पढ़ता रहे, हर बार एक नया अर्थ निकाले... तो क्या वो किसी महाकाव्य से कम है?"

लड़की के भीतर का सारा शोर जैसे अचानक शांत हो गया। पटना की वो कंपा देने वाली सर्दी अब उसे उतनी बुरी नहीं लग रही थी। कंकड़बाग की उन भीड़-भाड़ वाली सड़कों और दिन भर की भागदौड़ से दूर, उसे लगा कि शायद इस लड़के के भीतर जो खामोशी है, वही उसका असल घर है।

"तो... पढ़ोगे मुझे? हर बार एक नए अर्थ के साथ?" उसने अपनी ठंडी उंगलियों को लड़के के हाथ में और कसते हुए पूछा।

"जब तक ये आँखें साथ देंगी... और जब तक ये गंगा इसी इत्मीनान से बहती रहेगी," लड़के ने नदी की तरफ देखते हुए कहा।

उस रात कोहरे ने उन दोनों को अपनी चादर में ऐसे ढक लिया, जैसे कोई बहुत पुरानी, आधी-अधूरी रह गई कविता को आख़िरकार उसका मुकम्मल आख़िरी पन्ना मिल गया हो।
.......... 
पढ़िए " थोड़ा सा इश्क़ : इक्कीस पन्ने तुम्हारे नाम " Click Here



Thursday, 8 January 2026

दूरी का भ्रम ( थोड़ा सा इश्क़ )

तुम्हारे न होने से,
सच कहूँ तो...
दुनिया के कामकाज में कोई फर्क नहीं पड़ा।
सूरज अब भी उसी वक्त निकलता है,
हवा अब भी उसी तरह बहती है,
और शहर का शोर भी
बिलकुल वैसा ही है।

सब कुछ... बेहद सामान्य है।

मगर मेरे भीतर,
एक 'अदृश्य' सा बदलाव आ गया है।
पहले, जब मैं कमरे में अकेला होता था,
तो उसे 'एकांत' कहता था,
मगर अब...
वही अकेलापन 'वीरानी' सा लगता है।

तुम्हें पता है?
अब मैं चीजों को सिर्फ देखता नहीं,
उन्हें तुम्हारी नज़र से तौलता हूँ।
कोई अच्छा दृश्य दिखे,
तो पहला ख्याल यही आता है कि
"काश! तुम भी इसे देख पातीं।"

यह अजीब विरोधाभास है 
कि भौतिक रूप से
तुम यहाँ से कोसों दूर हो,
मगर मानसिक रूप से 
तुमने मेरे भीतर इतनी जगह घेर ली है
कि मुझे अपने ही ख्यालों में
पांव रखने के लिए
तुम्हारी यादों से इजाज़त लेनी पड़ती है।

लोग कहते हैं कि दूरियों से
रिश्ते फीके पड़ जाते हैं,
मगर मेरा अनुभव अलग है।
तुम्हारी यह 'गैर-मौजूदगी'
मुझे हर पल
तुम्हारी 'मौजूदगी' का
और गहरा अहसास कराती है।

शायद...
प्रेम पास रहने का नाम नहीं,
बल्कि दूर रहकर भी
किसी को अपने भीतर
लगातार महसूस करने का नाम है।
......
Follow me on Instagram: Click Here

Monday, 24 November 2025

पहुंच से बाहर

मैंने दुनिया नाप ली,
पहाड़ों के
शिखरों तक पहुँच गया,
उन ऊँचे, बर्फीले
ताज को छू लिया,
जहाँ बादलों का डेरा था।

समुद्र के तल को
देख आया,
गहरे, अथाह नीलेपन में
डूब कर,
मोतियों की खान को
ढूंढ लिया,
अंधेरे की चुप्पी को
सुन आया,
जलजले की लहरों को
गले लगाया।

नदियों के आखिरी छोर
तक पहुँच गया,
उनके उद्गम के रहस्य को
पहचान लिया,
उनके बहाव की गति को
महसूस किया,
हर मोड़ पर प्रकृति के
इशारे को समझा।

मैंने इतिहास के पन्ने
पलट कर देखे,
हर सभ्यता की नींव
को टटोल लिया,
समय की धूल में दबे
राज्यों को जान लिया,
अतीत के हर किस्से को
जीकर आया।

ब्रह्माण्ड के तारों को
गिना है मैंने,
हर ग्रह की कक्षा में
झाँक लिया,
विज्ञान की प्रयोगशाला में
हर सूत्र को हल किया,
जीवन के जटिल सवालों
का जवाब दिया।

मैंने हर यात्रा
पूरी कर ली,
हर मुकाम
हासिल कर लिया,
हर बाधा
पार कर ली,
किन्तु,

“किन्तु मैं नहीं पहुँच
पाया तुम्हारे
'हृदय' तक...!!"

Saturday, 22 November 2025

किसी और की..!


तू ख्वाब थी जो आँखों में,

अब सच्चाई है किसी और की।


जिस दिल की तू धड़कन थी,

अब धड़कन है किसी और की।


मेरी तन्हा सी रातों में,

अब रौशनी है किसी और की।


जिस राह पे तुझे माँगा था,

अब मंज़िल है किसी और की।


तेरे बिना जो अधूरा था,

अब कहानी है किसी और की।


जिस पल में तेरी यादें थीं,

अब वह घड़ी है किसी और की।


मैं जिस गीत में डूबा था,

अब वो धुन है किसी और की।


जो मुस्कान थी होंठों पे,

अब वो हँसी है किसी और की।


तेरे बिना जो वीरान था,

अब वो बस्ती है किसी और की।


जिस छाँव में सुकून मिला,

अब वो छाया है किसी और की।


तेरे नाम पे जो जिया करता,

अब ज़िंदगी है किसी और की।


तेरा हर एक इशारा था,

अब बंदगी है किसी और की।


जिस स्पर्श से दिल महका था,

अब वो खुशबू है किसी और की।


जो लहरें थीं मेरी साँसों की,

अब वो नदी है किसी और की।


तेरे लिए जो अश्क बहे,

अब वो नमी है किसी और की।


मैं रोया तेरे ख्वाबों में,

अब वो नींद है किसी और की।


जिस आँगन में तेरा नाम लिखा,

अब वो चौखट है किसी और की।


जिस रंग से तू रंगी थी,

अब वो होली है किसी और की।


तेरे लिए जो दिल धड़का,

अब वो धड़कन है किसी और की।


तू प्यार थी जो मेरा कभी,

अब चाहत है किसी और की।

- गोलू कुमार गुप्ता

Friday, 21 November 2025

मैं हार गया..!


कहता हूँ…

सब ठीक है।

पर सच ये है…

कुछ भी ठीक नहीं है।


जिस दिन तुम गई…

उस दिन सिर्फ़ तुम नहीं गईं,

कुछ मेरा भी चला गया।

और जो बचा है…

वो मैं नहीं हूँ।


मैं हार गया हूँ।

हाँ…

सीधे, साफ़, बिना बहस....

मैं हार गया हूँ।


कभी सोचा था…

मोहब्बत संभाल लूँगा,

रिश्ता बचा लूँगा,

पर देखो....

तुम चली गईं

और मैं… वहीं का वहीं रह गया।


हा, हा, हा, हा 😅😅

मजेदार है ना?

तुम चल दीं,

और मेरी दुनिया रुक गई।


वो मोड़…

जहाँ तुमने हाथ छोड़ा था,

तब समझ नहीं आया....

तुम्हारा हाथ छूटा था,

या मेरा वजूद।


उस रात चिराग बुझा नहीं था,

बस....

आख़िरी बार लौ काँपी थी।

और फिर ख़ामोशी उतर आई....

सीधी दिल में।

ठंडी।

पत्थर जैसी।


अब शहर शोर करता है,

पर भीतर सब सन्नाटा है।

लोग चलते हैं, हँसते हैं,

और मैं…

बस देखता हूँ।

बिना महसूस किए।


तुमसे शिकवा नहीं।

तुम्हें हक़ था जाने का।

शिकायत बस खुद से है....

क्यों सोचा था,

कि तुम… ठहरोगी?


रिश्ते की जो डोर थी…

कहते हैं वो टूट गई....

झूठ।

डोर नहीं टूटी…

मैं टूटा हूँ।


अब सपने नहीं आते,

इच्छाएँ नहीं जगतीं,

और दिल…

दिल अब सिर्फ़ धड़कता है,

जीता नहीं।


तो हाँ…

आज पहली बार मान रहा हूँ....

सब खत्म।


तुम।

हम।

और वो मैं....

जो प्यार करता था।


अब बस एक ठंडी सच्चाई बची है.....

मैं हार चुका हूँ।

और तुम्हारा जाना ही

मेरी कहानी का आख़िरी वाक्य था।


हां, मैं हार गया हूं।

हां, मैं हार गया हूं।

______________

Follow me on Instagram: Click Here


Sunday, 24 August 2025

ज़रूरी है क्या..? 💔

 ज़रूरी है क्या.. 💔



लबों तक जो बात आये,

हर वो बात करना ज़रूरी है क्या?

इश्क़ तो सबको हो जाता है,

ये बताओ इज़हार करना ज़रूरी है क्या?


फ़रिश्ता बन हज़ार ख़्वाब दिखाकर,

झूठे वादे करना ज़रूरी है क्या?

रिश्तेदारी तो सब जानते हैं,

ये बताओ सबको अपना कहना ज़रूरी है क्या?


बरसों पहले जो आईना टूटा था,

आज वापस जुड़ने लगे तो मुश्किल है क्या?

तुमने तो मोहब्बत का अंजाम देखा है,

ये बताओ दोबारा इश्क़ करना सही है क्या?


बेइंतहां न सही, इश्क़ मैंने भी किया था,

इसका भरोसा दिलाना ज़रूरी है क्या?

तुम जो रूठ जाते हो हर छोटी सी बात पर,

हर बार तुम्हें मनाना ज़रूरी है क्या?


सूरत नहीं, सिरत पूजता हूँ,

ऐसी बातें कहना ज़रूरी है क्या?

तुम्हारे बिन मैं एक पल नहीं जी सकता,

हर एक से ये कहना ज़रूरी है क्या?


दिल के जज़्बात आँखों से टपक पड़ें,

हर आंसू दिखाना ज़रूरी है क्या?

खामोशी भी तो एक जुबान होती है,

हर दर्द को बताना ज़रूरी है क्या?


मोहब्बत अगर सच्ची है दिल से,

तो सबूतों में तोलना ज़रूरी है क्या?

धड़कनों में तुम्हारा नाम बस जाए,

तो दुनिया को बताना ज़रूरी है क्या?


रिश्ते निभते हैं एहसास से,

हर बार क़सम खाना ज़रूरी है क्या?

अगर तुम समझते हो मेरी खामोशी,

तो लफ़्ज़ों में समझाना ज़रूरी है क्या?

Saturday, 12 July 2025

एक बार गले लगा लो..!

एक बार गले लगा लो


मेरे मन के आंगन में
अब न चहचहाते हैं सपने

भावनाओं की शाखों से
झर चुके हैं सारे पत्ते

मेरे शब्दों की मिट्टी
बिना बारिश के सूख चली है
आशाओं की किरचियाँ
हर सांस में चुभने लगी हैं

हृदय की हर धड़कन
अब बस एक पुकार है
तेरे स्पर्श की गूंज
मौन में भी आकार है

तुम्हारी एक झप्पी
सर्द हवाओं में ओस सी लगे
जैसे बंजर ज़मीन पर
पहली बार बरसात जगे

तुम आओ तो
ये सूनी दीवारें बोल उठें
ये खामोश शामें
तेरी बातों में डोल उठें

प्रियतम,
बस एक बार गले लगा लो
इस टूटती चेतना में
थोड़ा जीवन जगा लो

मेरे अंदर का शून्य
तेरी ऊष्मा से भर जाएगा
जो अधूरा सा लगता हूं मैं
तेरे आलिंगन से संवर जाएगा

मुझे मेरी ही साँसों में
फिर से तुम लौटा दो
जो मरा सा जी रहा हूं
उसे जीना सिखा दो

बस एक बार
गले लगा लो
और फिर चाहे
कुछ न कहना, कुछ न लेना...
बस, मुझे फिर से "मैं" बना लो।



Friday, 11 July 2025

वो शहर

वो शहर

✍️: गोलू कुमार गुप्ता 

__________________


एक शहर था 
न देखा कभी, न जाना था,
न वहाँ की गलियों में
कोई मेरा ठिकाना था।

ना उसके मौसम में
मेरे ख्वाब पलते थे,
ना उसकी राहों में
मेरे कदम चलते थे।

वो बस एक नाम था —
नक़्शे पर लिखा हुआ,
ना कोई एहसास,
ना ही जज़्बातों से भरा हुआ।

मगर फिर आप मिली —
और कुछ तो बदला ज़रूर,
अब वो शहर
लगता है खुदा का नूर।

आपके होने से
वो शहर गुलज़ार हो गया,
हर कोना जैसे
आपके प्यार का इज़हार हो गया।

अब चाहूं मैं
उसी शहर में खो जाना,
आपकी धड़कनों के पास
एक झोपड़ी सा घर बना पाना।

जहां दीवारें भी
आपके नाम से गूंजें,
जहां हवाएं
आपकी खुशबू को सूंघें।

जहां सुबहें
आपके चेहरे की रौशनी से हो रोशन,
और रातें
आपके ख्वाबों में खोए हर क्षण।

जहां बारिश
आपके साथ भीगने की बात कहे,
और ठंडी हवा
आपके स्पर्श की सौगात बहे।

अब वो शहर
मुझे बसाने को बुलाता है,
आपके करीब आने का
हर दिन इक नया वादा कराता है।

कभी सोचा है आपने - 
आपके होने से
एक अनजान शहर भी
कितना प्यारा हो सकता है?

नहीं न?